बालपुर (गोंडा)। कोतवाली करनैलगंज के बालपुर चौकी के ठीक सामने किराने की एक दुकान में चोरों ने सेंध काटकर 60 हजार नकद व डेढ़ लाख का सामान पार कर दिया। सुबह जब दुकान खोलने के लिए दुकान मालिक आये तब चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने चौकी बालपुर में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दिया है। पुलिस मामले के जांच में जुटी हुई है।
शुक्रवार की रात पुलिस चौकी बालपुर के सामने सनी किराना स्टोर के नाम से दुकान है। दुकान मालिक सनी के मुताबिक शुक्रवार को दुकान बंद करके अपने आवास बालपुर बाजार चले गये। रात में चोर पीछे की दीवार में सेंध लगाकर दुकान में घुस आये।
चोरों ने सीसीटीवी कैमरा तोड़ डाला और दुकान में रखा 60 हजार नकद, 10 टिन सरसों का तेल, 10 टिन रिफाइंड तेल, 25 किलोग्राम बादाम, 2 किलोग्राम अखरोट, 2 किलो पिस्ता, 10 किलो काजू उठा ले गये। सनी के मुताबिक चोरी गये सामान की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये है।
चोरी के अलावा 5 क्विंटल अनाज आपस में मिक्स कर दिया। पीड़ित ने चौकी बालपुर में तहरीर दिया है। चोरी की सूचना पर कोतवाल केके राणा, चौकी प्रभारी जयहरि मिश्र ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दिया है।