गोंडा। शहर के बस स्टेशन के समीप शनिवार को ई-रिक्शा का एक युवक स्टैंड का ठेकेदार बताते हुए टोकन काट रहा था, जब उसने मना किया तो आरोपी ने ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी। ई-रिक्शा चालक की पिटाई से आक्रोशित साथी चालकों ने कोतवाली नगर का घेराव कर दिया। ई-रिक्शा चालक आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। कोतवाल के कार्रवाई के आश्वासन पर माने।
पटेल नगर निवासी शनि जायसवाल ने बताया कि वह ई-रिक्शा चालक है। शनि के मुताबिक शनिवार की सुबह वह अपना ई-रिक्शा लेकर बस स्टेशन गया था। वहां पहुंचते ही एक युवक उसके पास पहुंचा ओर खुद को टैक्सी एवं टेम्पो स्टैंड का ठेकेदार बताते हुए 20 रुपये का टोकन काट दिया।
शनि ने बताया कि उसने आरोपी युवक को बताया कि अभी वह आया है, कुछ देर बाद टोकन के रुपये देगा। इसी बात पर युवक ने शनि की पिटाई कर दी। शनि की पिटाई से आक्रोशित साथी चालकों ने कोतवाली नगर का घेराव कर दिया और आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
कोतवाल नगर आलोक राव ने जब कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर सभी माने। कोतवाली के घेराव के दौरान अवधेश कुमार, किशोर शुक्ला, कासिम, रामू, मुकेश चौहान, रमेश चौरसिया, जाफर अली, राम कुमार, महेश कुमार, आनंद कुमार मौजूद रहे।