गोंडा। टीकाकरण अभियान के नए चरण में 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले युवाओं का 17 दिन बाद टीकाकरण जरूर शुरू हुआ, लेकिन वैक्सीन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद स्लॉट न बुक हो पाने के कारण उन्हें भटकना पड़ रहा है।
कोरोना वैक्सीन के लिए अधिक संख्या में पंजीकरण हो जाने से केंद्रों पर अव्यवस्था हो रही है। एक ओर जहां 18 से 44 साल के बीच की आयु के लोग वैक्सीन उपलब्ध न होने की वजह से स्लॉट नहीं बुक करवा पा रहे हैं।
वहीं 45 साल से ऊपर के लोगों को दूसरी खुराक लगवाने के लिए एक केंद्र से दूसरे केंद्र पर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। केंद्र पर जाने के बाद उन्हें पता चलता है कि वहां वैक्सीन न होने की वजह से टीकाकरण नहीं हो रहा है।
वहां से टीकाकरण वाले केंद्र की जानकारी लेकर उन्हें फिर दूसरी जगह जाना पड़ता है। मंगलवार को युवा अभिषेक व शिवम ने बताया कि उन्होंने आरोग्य सेतु एप पर रजिस्ट्रेशन तो कर दिया, लेकिन स्लॉट नहीं बुक हो सका।
वे सीएमओ ऑफिस में स्लॉट बुकिंग के बारे में जानकारी लेने गए लेकिन किसी ने जानकारी नहीं दिया। वहीं जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने वालों को वैक्सीन नहीं लग पाई।
जिला अस्पताल के टीकाकरण सेंटर पर वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने पहुंचे अधिवक्ता राम आशीष त्रिपाठी ने पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि वह टीकाकरण सेंटर पर वैक्सीन की दूसरी डोज का टीका लगवाने आए थे।
उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर जिला अस्पताल में टीका लगवाने का मेसेज भी आया है, लेकिन टीकाकरण केंद्र पर उपस्थित पुलिसकर्मियों ने उन्हें रजिस्ट्रेशन काउंटर तक जाने नहीं दिया। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने धक्का-मुक्की कर बदसलूकी किया है। जिसकी शिकायत करेंगे।