घर के बाहर लगे हाईटेंशन पोल के स्टे वायर में करंट उतरने से एक युवक की उसकी चपेट में आने से मौत हो गई। परिवारीजनों व ग्रामीणों का आरोप है कि पावर कॉर्पोरेशन कर्मियों की लापरवाही से ये हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने व दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सादुल्लाहनगर के गांव गोकुला बुजुर्ग निवासी भारत ने बताया कि गत माह उसके दरवाजे पर हाईटेंशन विद्युत लाइन का पोल गाड़ा गया था। पोल सीधा रखने के लिए स्टे वायर लगाया गया था। बुधवार सुबह भारत का इकलौता पुत्र तालुकदार (22) पशुओं को चारा डालने के लिए स्टे वायर के पास से गुजरा।
स्टे वायर में करंट प्रवाहित होने के कारण तालुकदार उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना पर आक्रोश जताते हुए ग्राम प्रधान बबलू उपाध्याय ने बताया कि ये हादसा विद्युत कर्मियों की लापरवाही के चलते हुआ है।
ग्राम प्रधान का कहना है कि रेहरा फीडर के अफसरों को हादसे की सूचना दी गई लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। ग्राम प्रधान तथा ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने और लापरवाही के लिए दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।