मनबढ़ों की पिटाई से पीड़ित बुजुर्ग महिला ने सोमवार को एसपी से मिलकर अपना दुखड़ा सुनाया। पीड़िता ने पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने देहात थाने की पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
थाना बलरामपुर देहात के ग्राम भीखपुर नौबस्ता निवासिनी रसीदा खातून (70) ने सोमवार को एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि गांव में ही भरण-पोषण के लिए वह परचून की दुकान चलाती है। गत एक जुलाई को गांव का ही एक लड़का सामान लेने के बहाने दुकान पर आया और दुकान के काउंटर पर रखा मोबाइल चुरा ले गया। लड़के के परिजनों से जब रसीदा शिकायत करने पहुंची तो उन लोगों ने रसीदा को जमकर मारा-पीटा।
इससे उसका हाथ टूट गया और चेहरे व शरीर पर भी कई चोटें आईं। रसीदा ने देहात थाने पर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी। रसीदा का आरोप है कि देहात थाने की पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दबंग रसीदा को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी वीडी शुक्ल ने देहात थाने की पुलिस को तत्काल फोन करके दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और बुजुर्ग पीड़िता का इलाज कराने को निर्देश थानाध्यक्ष को दिया है।