खोड़ारे (गोंडा)। थाना खोड़ारे क्षेत्र के महुआ पाकड़ गांव की ग्राम प्रधान का बेटा ग्राम प्रधान के नाम पर सरकारी अभिलेखों पर हस्ताक्षर बना कर दुरुपयोग कर रहा है। मामले में डीआईजी के आदेश पर थाना खोड़ारे में पूर्व विधायक ने जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बलरामपुर जनपद के उतरौला विधानसभा के पूर्व विधायक एवं प्रबंधक किसान पीजी कॉलेज महुआपाकड़ डॉ. आरिफ अनवर हाशमी ने डीआईजी के आदेश पर थाना खोड़ारे में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि महुआ पाकड़ गांव में किसान पीजी कॉलेज संचालित है। महुआ पाकड़ ग्राम सभा की ग्राम प्रधान नूरजहां का पुत्र शमसुद्दीन प्रधानी का काम देखता है।
पूर्व विधायक का आरोप है कि शमसुद्दीन का परिवार अपराध में लिप्त है। उसके पिता को हत्या के मुकदमे में सजा भी हो चुकी है। शमसुद्दीन अपनी माता ग्राम प्रधान नूरजहां की प्रधानी की मुहर एवं हस्ताक्षर का बेजा इस्तेमाल करते हुए अभिलेखों में हेराफेरी करता है। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा में विकास कार्यों के लिए आए सरकारी धन का दुरुपयोग करता है।
इलाहाबाद बैंक बभनजोत से जारी चेकों पर अपनी माता के स्थान पर स्वयं हस्ताक्षर करता है। आरोप है कि गांव के लोगों नाम आए शौचालय एवं आवासों में धमकी देकर 10 से 20 हजार रुपये की वसूली भी करता है। कई ग्रामवासियों का शौचालय आवास अभी भी अर्धनिर्मित पड़ा हुआ है। आरोप है कि आए दिन किसान महाविद्यालय में पहुंचकर कर्मचारियों से अवैध धन की मांग करते हुए कॉलेज गिरवा देने की धमकी देता है। उधर ग्राम प्रधान महुआ पाकड़ नूरजहां का कहना है कि पूर्व विधायक ने जो उनके बेटे पर आरोप लगाए हैं वह निराधार है। प्रधानी का काम वह स्वयं देखती है और सभी अभिलेखों पर वह स्वयं हस्ताक्षर करती हैं। प्रभारी निरीक्षक खोड़ारे श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि डीआईजी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।