गुरुवार अपराह्न ग्राम रमनगरा थाना महराजगंज तराई निवासी सादाब (24) गांव के ही रेहान अहमद (25) के साथ बाइक से बहन के यहां जा रहे थे। सादाब के भाई की शादी तय हो गई थी उसी की मिठाई लेकर वह दतौली बाजार जनपद गोंडा स्थित बहने के घर जा रहे थे।
रास्ते में नेशनल हाईवे बौद्घ परिपथ पर बेनीजोत गांव के पास सामने आ रहे मोहल्ला बड़ा पुल बलरामपुर नगर निवासी शनि (28) तथा साथ में बैठे निगम कुमार पांडेय निवासी ग्राम लखाही थाना गौरा चौराहा की बाइक सादाब की बाइक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक सवार काफी स्पीड में थे और हेलमेट नहीं पहन रखा था। शनि तथा निगम गौरा चौराहा जा रहे थे। भिड़ंत इतनी जबरदस्त हुई कि घटना स्थल पर ही सादाब तथा शनि की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रेहान तथा निगम को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनों लोगों को लखनऊ रेफर कर दिया है। थानाध्यक्ष देहात जितेन्द्र यादव ने बताया कि मृतकों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। मृतकों तथा घायलों के परिजनों को बुलाया गया है।