बाराबंकी से मवेशी लेकर लौट रहा एक ट्रक शनिवार भोर में नयानगर गांव के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में ट्रक में मवेशियों के साथ बैठे 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी रेहरा बाजार में भर्ती कराया गया, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रेहरा बाजार थानाध्यक्ष भीष्मपाल सिंह यादव ने बताया कि क्षेत्र के कई पशुपालक शुक्रवार को बाराबंकी जिले में पशु बाजार से मवेशी खरीदने गए थे। यह लोग 20 मवेशी ट्रक में लादकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान शनिवार भोर में ट्रक नयानगर गांव के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।
ट्रक में मवेशियों के साथ बैठे पशुपालक खलील अहमद (44) निवासी ग्राम नौवाकोल, जानकी देवी (42) ग्राम बसावन बनकट, रामसागर (54) निवासी देवाही खेरा, बेचू (47) निवासी बुधीपुर, गूजी (44) निवासी रमवापुर, भक्कू (50) निवासी बनरपटवा बुधीपुर, तिलकराम (56) निवासी कुशलीपुर बुधीपुर, सदरुन्निशा (43) निवासी नौवाकोल, अलगू (42) निवासी मौहरवा, हरीराम (56) निवासी कुशलीपुरवा बूधीपुर, रोज अली (42) निवासी नौवाकोल घायल हो गए।
हादसे में कई मवेशी भी चोटिल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों व मवेशियों को किसी तरह बाहर निकाला। सभी घायलों को सीएचसी रेहरा बाजार में भर्ती कराया गया। जहां खलील अहमद की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।