कौड़िया थाना क्षेत्र में आर्यनगर के पास गोंडा-बहराइच हाईवे पर बीती रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में रोडवेज बस के टकरा जाने से बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई।
कौड़िया थाना क्षेत्र के आर्यनगर पुलिस चौकी प्रभारी रतन कुमार पांडेय ने बताया कि बुधवार की रात फैजाबाद डिपो की बस यात्रियों को लेकर बहराइच जा रही थी। रात में करीब सवा बजे गोंडा-बहराइच हाईवे पर आर्यनगर के पास यह बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इससे बस के आगे का शीशा टूट गया।
हादसे में बस चालक योगेंद्र प्रताप, परिचालक संत प्रकाश और चार यात्री घायल हो गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।