करनैलगंज/भंभुआ (गोंडा)। सरयू नदी पर रेलवे की तीसरी लाइन का ब्रिज बनकर तैयार हो गया है। अब पुल के साथ तीसरी रेल लाइन पर ट्रेन दौड़ाने की तैयारी है। जुलाई के पहले सप्ताह में ट्रायल के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू होगा।
गोंडा-लखनऊ रेलमार्ग पर करनैलगंज से घाघरा घाट स्टेशन तक तीसरी लाइन पर ट्रेन दौड़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सरयू पर रेलवे पुल का निर्माण एक सप्ताह पहले पूरा हो गया है। तीसरी लाइन बिछाने का काम भी अंतिम चरण में है। इसी के साथ तीसरी लाइन की विद्युत लाइन को कनेक्शन देने समेत अन्य प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। घाघरा घाट स्टेशन पर कनेक्शन हो चुका है। जरवल रोड व सरयू रेलवे स्टेशन पर काम चल रहा है। इसके बाद सरयू और करनैलगंज स्टेशन को कनेक्ट करके संभावित तिथि तीन जुलाई को ट्राॅली से और चार को ट्रेन से ट्रायल कराने की तैयारी है। तीसरी लाइन बनाने में सबसे अधिक समय सरयू नदी पर रेलवे पुल बनाने में लगा, जो अब पूरा हो चुका है।
आईओडब्ल्यू अवधेश कुमार सिंह का कहना है कि पुल का निर्माण व लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। लाइन को स्टेशन से जोड़ने व कनेक्शन देने का काम चल रहा है। संभावित तीन जुलाई से ट्रायल शुरू हो जाएगा। (संवाद)