ग्राम न्यायालय स्थापना के विरोध में मंगलवार को कार्य विरत रहे अधिवक्ताओं ने जुलूस निकाला और कचेहरी स्टेशन पर पहुंचकर पैसेंजर ट्रेन रोक दी। इससे छपरा बरौनी करनैलगंज स्टेशन तथा गोंडा पैसेंजर गोंडा स्टेशन पर देर से पहुंची।
ग्राम न्यायालय के विरोध में अधिवक्ताओं ने पहले विरोध जुलूस निकाला फिर कलेक्ट्रेट परिसर में स्टांप वेंडर व रजिस्ट्री कार्यालय बंद कराया।
यहां से बार एसोसिएशन के अध्यक्ष माधवराज मिश्र, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र कुमार मिश्र की संयुक्त अध्यक्षता व बार एसोसिएशन के महामंत्री रहस्य बिहारी मिश्र व सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री आनंद राज सिंह के संचालन में अधिवक्ताओं का दल कचेहरी स्टेशन पहुंचा।
यहां अधिवक्ताओं ने पटरी पर बैठकर लखनऊ से गोंडा जा रही पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया। धरना स्थल पर सभा हुई जिसे पूर्व अध्यक्ष जीपी मिश्र, रामकरन मिश्र, रविचंद्र त्रिपाठी, कौशलेंद्र मिश्र, दीनानाथ त्रिपाठी ने संबोधित कर ग्राम न्यायालय के स्थापना का नोटिफिकेशन रद्द करने की मांग की।
महाराज कुमार श्रीवास्तव, इंद्रमणि शुक्ल, राम केवल वर्मा आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं के ट्रेन रोकने से करनैलगंज स्टेशन पर छपरा-बरौनी व गोंडा प्लेट फार्म पर गोंडा-लखनऊ पैसेंजर निर्धारित समय से नहीं पहुंच सकी है जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।