वजन दिवस पर बच्चों के शत-प्रतिशत वजन करने के सख्त निर्देश के बावजूद आंगनगबाड़ी केंद्रों व स्कूलों से अध्यापक व कार्यकर्त्रियां अनुपस्थित पाईं गईं।
अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को आयुक्त व डीएम ने तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। सर्वप्रथम आयुक्त दूबे विकासखंड पंडरीकपाल अंतर्गत डफालीपुरवा प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। वहां आयुक्त को पंजीकृत 147 बच्चों में से सिर्फ 45 बच्चे उपस्थित मिले।
इस पर उन्होंने उपस्थित अध्यापक से बच्चों की कम संख्या पर हैरानी जताते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। तदुपरान्त आयुक्त दरियापुर हरदौपट्टी के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। यहां तैनात सहायक अध्यापक अंजनी यादव व प्रशिक्षु शिक्षक उदरत फातिमा अनुपस्थित मिले। आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए।
इसके बाद वे तिर्रे मनोरामा के पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। वहां बच्चों की संख्या व तौल की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अध्यापक उपस्थिति पंजिका तलब की। पंजिका के निरीक्षण में ज्ञात हुआ कि प्राथमिक विद्यालय के प्रशिक्षु शिक्षक दिवाकर तथा अध्यापक चन्द्रभान सिंह भी बिना सूचना के नदारद हैं।
इस पर दोनों अध्यापकों को आयुक्त ने तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया है।
डीएम अजय कुमार उपाध्याय ने इमरती बिसेन-प्रथम, ग्राम विमौर इमरती विसेन द्वितीय, ग्राम मिश्रौलिया जानकी नगर चतुर्थ, ग्राम चिश्तीपुर तथा ग्राम विसुनागा के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
इमरती विसेन प्रथम मे डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से ड्यूलिस्ट मांगी जिसे वह प्रस्तुत नहीं कर सकी। केन्द्र पर बच्चों को लाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग व पंचायतीराज विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर उपस्थित नहीं मिला।
इस पर नाराज डीएम ने कार्य में लगाए गए सुपवाइजर से स्पष्टीकरण तलब किया है। विमौर में डीएम केन्द्र पर निरीक्षण के दौरान ज्ञात हुआ कि वहां की पर्यवेक्षक शालिनी गुप्ता हैं, परन्तु दोपहर 12 बजे तक केन्द्र का ताला ही नहीं खुला है। मिश्रौलिया जानकी नगर केन्द्र पर 109 बच्चों में से 47 बच्चों का तौल हो चुका था। तदुपरांत जिलाधिकारी चिश्तीपुर के आंगनबाड़ी केन्द्र पर पहुंचे। वहां डीएम को आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री रिजवाना अनुपस्थित मिलीं।
इसके साथ ही इस केंद्र पर तैनात पर्यवेक्षक रेखा राजपूत द्वारा केन्द्र पर एक भी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की गई। इस पर नारज डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री व पर्यवेक्षक रेखा राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
निरीक्षण के उपरांत आयुक्त मुरलीधर दूबे व जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने वजन दिवस के दिन जनपद में वजन किए कुल बच्चों की संख्या तथा वजन के उपरांत अतिकुपोषित तथा कुपोषित श्रेणी के अंतर्गत पाए गए बच्चों की सूची केंद्रवार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।