गोंडा। देवरिया की रहने वाली छात्रा पारवी ने मौम से पहले गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर एक अजनबी से मोबाइल मांगकर गुजरात में रहने वाले सहपाठी से बात की थी। इसके बाद गोंडा-गोरखपुर रेलखंड पर बभनान-परसा तिवारी रेलवे स्टेशन के मध्य करमा गांव के पास उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। फोटो के आधार पर परिजनों ने शिनाख्त कर हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने सहपाठी की कॉल डिटेल खंगाली तो उक्त अजनबी के बारे में पता चला। पुलिस ने हत्या की दिशा में तफ्तीश शुरू की है।
देवरिया के बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर निवासी संतोष कुशवाहा की बेटी पारवी (16) रविवार को लाइब्रेरी जाने के लिए घर से निकली थी। उसका शव छपिया के करमा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। छानबीन में पता चला कि पारवी माता-पिता के साथ गुजरात में रहती थी। वहां से एक साल पहले देवरिया के पैतृक गांव आकर रहने लगी थी। पारवी के लापता होने पर परिजनों ने बनकटा थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बनकटा थाने के उपनिरीक्षक व मुकदमे के विवेचक जयप्रकाश दुबे ने बताया कि घर के निकलने के बाद पारवी गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। जहां एक अजनबी से मोबाइल मांगकर गुजरात में रहने वाले सहपाठी से बात की थी। इसके बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। बताया कि सहपाठी और अजनबी के मोबाइल का सीडीआर निकाला गया है। उसमें कई नंबर संदिग्ध मिले हैं। जिसके आधार पर छात्रा की हत्या मानकर तफ्तीश की जा रही है।