पचपेड़वा थाना क्षेत्र के अमौली धमौली गांव निवासी शिक्षक अब्दुल्लाह की मतदान के दौरान बूथ पर अचानक तबियत खराब हो गई। शिक्षक को सीएचसी से लखनऊ रेफर कर दिया गया। देर रात लखनऊ ले जाने की तैयारी के दौरान उनकी मौत हो गई। शिक्षक के आकस्मिक निधन से परिवारीजन सदमे में हैं।
पचपेड़वा थाना क्षेत्र के अमौली धमौली गांव निवासी शिक्षक अब्दुल्लाह (55) की नौ दिसंबर को प्रधानी चुनाव में मतदान के लिए रेहरा बाजार के बूथ संख्या 50 प्राथमिक विद्यालय सराय खास में ड्यूटी लगी थी।
पीठासीन अधिकारी चंद्रमणि शुक्ल ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे अब्दुल्लाह के पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया। मामले की सूचना अधिकारियों को दी गई।
बीडीओ रेहरा बाजार हीरालाल मिश्र ने अब्दुल्लाह को सीएचसी रेहरा बाजार भिजवाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
अब्दुल्लाह ने लखनऊ जाने से पूर्व उतरौला निवासी अपनी बहन के यहां जाने की इच्छा जताई। अब्दुल्लाह की पत्नी खुसलैन ने बताया कि परिवारीजन भी उतरौला पहुंच गए थे।
गुरुवार को सुबह अब्दुल्लाह को लखनऊ ले जाने की तैयारी की जा रही थी। देर रात अचानक अब्दुल्लाह की मौत हो गई। वे अपने पीछे दो शादीशुदा बेटों तथा तीन अविवाहित पुत्रियों को छोड़ गए हैं। अब्दुल्लाह पचपेड़वा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कुशमहर में तैनात थे।