जिला प्रशासन के अंतिम चरण में हिंसामुक्त चुनाव कराने को लेकर किए गए सारे दावों की हवा निकल गई। गुरुवार को अंतिम चरण में बेलसर ब्लॉक के सौनौली मोहम्मदपुर ग्राम पंचायत के देवी बक्ससिंह पुरवा में दो पक्षों में फर्जी वोटिंग को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया। इसके बाद एक पक्ष ने बम फेंक कर दूसरे पक्ष की स्कार्पियो को क्षतिग्रस्त कर दिया।
डिक्सिर ग्राम पंचायत में मतदान के बाद बलवाइयों ने बैलेट बॉक्स लूटकर एक बैलेट बाक्स कुएं में तो दूसरा खेत में फेंक दिया, जिसे बाद में पुलिस टीम ने बरामद किया। गांव में डीएम व एसपी के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। उधर,
नियावां में फर्जी मतदान को लेकर गांव में हुई फायरिंग हुई। वहीं, हर्षापुर में फर्जी वोटिंग को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
बेलसर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सोनौली मोहम्मदपुर गांव के देवीबक्स सिंह पुरवा बूथ पर सुबह पोलिंग शुरू होने के दौरान से ही दो पक्षों में तनातनी चल रही थी।
यहां से राजू सिंह व सुरेंद्र ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवार हैं। दोनों के समर्थकों में गुरुवार को फर्जी मतदान को लेकर दोपहर में मारपीट हो गई। इसमें आशू सिंह घायल हो गए।
इसके बाद एक पक्ष ने फिर बम से हमला कर दूसरे पक्ष की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट के बाद बूथ के बाहर हुई बमबाजी से वहां भगदड़ मच गई।
घटना की जानकारी पर पुलिस की क्लस्टर टीम ने पहुंच कर बलवाइयों को भगाया। इसके बाद मामला शांत हुआ। वहीं, बेलसर ब्लॉक के ही डिक्सिर ग्राम पंचायत के बूथ पर मतदान के बाद कुछ उपद्रवियों ने दो बैलेट बॉक्स लूट लिए। एक बैलेट बाक्स को उठा कर गांव के एक कुएं तो दूसरे बैलेट बॉक्स को खेत में फेंक दिया।
घटना की जानकारी पाकर डीएम अजय कुमार उपाध्याय व एसपी प्रदीप कुमार यादव ने भारी पुलिस बल के साथ पहुंच कर मोर्चा संभाला।
पुलिस ने एक बैलेट बॉक्स को कुएं से तो दूसरे को एक व्यक्ति के घर से बरामद किया।
वहीं, बेलसर ब्लॉक के ग्राम नियावां में प्रधान पद के प्रत्याशी माता प्रसाद शुक्ल व देवशरण के समर्थकों में फर्जी मतदान को लेकर भिड़ंत हो गई।
इसके बाद समर्थकों ने बूथ के बाहर गांव के किनारे फायरिंग की। हालांकि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। फायरिंग से नियावां गांव गूंज उठा।
मतदान करने गए लोगों में भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस की क्लस्टर की टीम ने बलवाइयों को दौड़ाया। पुलिस की सख्ती के बाद वोटिंग शुरू हो सकी।
नवाबगंज ब्लॉक के कल्यानपुर ग्राम पंचायत के बाबा रामस्वरूप पुरवा में फर्जी वोट डालने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई।
बूथ के पीठासीन अधिकारी की सूचना पर मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने एक व्यक्ति को प्रधान पद के चार बैलेट पेपर के साथ दबोच लिया। पुलिस वालों ने उसे बूथ पर बैठाए रखा। बाद में पुलिस ने उसे थानाध्यक्ष को सौंप दिया।
चुनाव में फर्जी वोटिंग को लेकर नवाबगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत लव्वावीरपुर के नकहरा बूथ पर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट हो गई।
दो पक्षों के भिड़ने से बूथ पर भगदड़ मच गई। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस की क्लस्टर टीम ने उपद्रवियों को डंडा फटकार कर खदेड़ा।