गोंडा। भीषण गर्मी व अघोषित बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया है। जिले में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। उमस भरी गर्मी के शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटों तक बिजली गुल रही।
बुधवार को सुबह से ही तेज धूप निकल आई। दोपहर होते ही धूप इतनी तल्ख हो गई कि घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हवा की रफ्तार कम होने के कारण उमस भी बढ़ गई। वहीं शहर के विभिन्न मोहल्लों में सुबह करीब दो घंटे तथा शाम को एक घंटे की अघोषित बिजली कटौती हुई।
मसकनवा के उपकेंद्र के बगदर फीडर पर संगवा गांव के पास फाल्ट होने के कारण मंगलवार की रात में चार घंटे 30 मिनट विद्युत आपूर्ति बाधित रही, जिससे मनसुखपुर, गायघाट, महमूदपुर, मवई, खजुरी, नगरा, संगवा, ककरहिया, फूलपुर, चारू, कुनगईया गांव की करीब एक लाख की आबादी को भीषण गर्मी में बिना बिजली पंखे के रहना पड़ा। भोर सुबह आपूर्ति शुरू की गई।
मंगलवार रात आठ बजे इटियाथोक विद्युत उपकेंद्र के साउथ व ईस्ट फीडर की आपूर्ति सिंगल फेसिंग की वजह से तीन घंटे तक बाधित रही। 132 केवीए इटियाथोक से सायं छह बजे के बाद दो शिफ्टों में डेढ़ घंटे की कटौती की गई। वहीं देर रात एक बजे तक ओवरलोड की वजह सभी फीडर बार-बार ट्रिप होते रहे। बुधवार को दिन में भीषण गर्मी के दौरान छह घंटे की कटौती की गई।
परसपुर उपकेंद्र के चरसड़ी फीडर से भौरीगंज, चरसड़ी, रायपुर शिवगढ़, बहुवन मदार माझा, नरायनपुर साल, नरायनपुर जयसिंह, सरैया आदि गांवों में मंगलवार की रात में बिजली गुल रही।
धानेपुर क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में रमेश कुमार, विनोद, संजय, पवन, गुड्डू, अकरम, इरशाद आलम, मुख्तार हाशमी,राज हाशमी आदि मौजूद रहे।