जिले की बदहाल सड़कों को दुरस्त कराने की कवायद गन्ना विकास परिषद ने शुरू कर दी है। पांच करोड़ रुपये से बदहाल सड़कों की तस्वीर बदल जाएगी। विभाग ने करीब 11 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत व नवनिर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सड़कों की बदहाली दूर होने से करीब चार लाख लोगों को अच्छी सड़कों पर आवागमन का मौका मिलेगा। काम पूरा कराने के लिए महकमा ने तीन माह का समय निर्धारित कर दिया है। जिला गन्ना अधिकारी ने समय से काम पूरा न कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि गन्ना विकास परिषद बलरामपुर, तुलसीपुर व उतरौला के माध्यम से सड़कों का नवनिर्माण व मरम्मत की प्रक्रिया शुरू की गई है।
गन्ना विकास परिषद बलरामपुर द्वारा तिलकपुर बालपुर रोड से प्राथमिक विद्यालय चिरैया से कोटवा तक 39.90 लाख रुपये में 0.740 किलोमीटर, बिराहिमपुर से डिंगरापुर तक 21.15 लाख रुपये में 0.500 किलोमीटर, मनेरिया से खमेरिया घाट तक 64.78 लाख रुपये में 1.300 किलोमीटर और प्राथमिक विद्यालय इटईमैदा से निरंजनपुर तक 39.24 लाख रुपये में 0.750 किलोमीटर सड़कों का नवनिर्माण कराया जाएगा।
टेढ़ी पुलिया से भीखमपुर तक 20.28 लाख रुपये में एक किलोमीटर, मोदीपुर से मखनहवा तक 16.82 लाख रुपये में एक किलोमीटर, श्रीनगर देवरिया फूलपुर से धर्मनगर तक 12.17 लाख रुपये में 0.700 किलोमीटर, तिलकपुर से बालापुर तक 16.86 लाख रुपये और फुलवरिया बाईपास से सिरसिया मार्ग तक 21.90 लाख रुपये में एक-एक किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
गन्ना विकास परिषद उतरौला को हुसैनाबाद फजलगंज चौराहे से मधुपुर तक 38.37 लाख रुपये में एक किलोमीटर सड़क निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है।
गन्ना विकास परिषद तुलसीपुर को नकटीनाला से मनकौरा तक 17.92 लाख रुपये में 0.450 किलोमीटर, रमईडीह महराजगंज तराई से जुगलीकला तक 37.98 लाख रुपये में 0.700 किलोमीटर और बनगढ़ से हरैया चंदेसी गांव तक 63.70 लाख रुपये में 1.200 किलोमीटर सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित को तीन माह के अंदर सड़कों का निर्माण व मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है।