परसपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रयासों से जीएसटी दर में कमी होने से मध्यम वर्ग, कमजोर, गरीब, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को बड़ी राहत मिली है। दवा सहित कई आवश्यक वस्तुओं पर कर घटने से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। ये बातें शनिवार रात भौरीगंज मार्ग स्थित व्यापारी नेता रामकुमार सोनी के हाता में आयोजित सभा में क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भयमुक्त, गुंडामुक्त और भ्रष्टाचारमुक्त सरकार काम कर रही है।
उन्होंने सभी से स्वदेशी वस्तुएं अपनाने की अपील की। कार्यक्रम को भाजपा नेता नीरज मौर्य, राजेश रायचंदानी, विष्णु प्रताप नारायण सिंह और दीपक सिंह ने भी संबोधित किया। इसके बाद विधायक ने व्यापारियों के साथ पदयात्रा कर जीएसटी की घटी दरों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई और प्रतिष्ठानों पर पोस्टर लगवाए। इस अवसर पर चेयरमैन वासुदेव सिंह, सूरज सिंह, अनिल सोनी, रामकुमार सोनी, विवेक तिवारी, गुड्डू सिंह, राजू गुप्ता आदि मौजूद रहे। (संवाद)