पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड में रविवार को अंतर जनपदीय गोरखपुर जोनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान गोंडा का दबदबा रहा। 17वीं अंतर जनपदीय गोरखपुर जोनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रभारी पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार सिंह ने किया।
खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. राजेश त्रिपाठी, विजय आनंद, प्रतिसार निरीक्षक रामकिशोर एवं पीआरओ पुलिस अधीक्षक बृजानंद सिंह आदि मौजूद रहे।
पहले दिन 100 मीटर दौड़ में प्रथम शिवधनी यादव गोरखपुर, द्वितीय- इरफान खान गोंडा व तृतीय साजिद खान गोंडा, 800 मीटर दौड़ में प्रथम हरिवंश सिद्धार्थनगर, द्वितीय अजीत यादव गोरखपुर, तृतीय रामप्रसाद चौधरी गोंडा, 5000 मीटर में प्रथम विजय कुमार सिंह गोंडा, द्वितीय भूपेन्द्र कुमार गोंडा रहे।
वहीं, गोला फेंक में प्रथम रामानंद देवरिया, द्वितीय परमेश्वर प्रसाद गोंडा व तृतीय उपेंद्र वीर सिंह गोरखपुर, लंबी कूद में प्रथम रामानंद यादव देवरिया, द्वितीय रमेश श्रीवास्तव गोंडा व तृतीय अंजनि यादव गोरखपुर रहे।
उधर, ऊंची कूद में प्रथम रंजित सिंह गोरखपुर, द्वितीय रमेश श्रीवास्तव गोंडा व तृतीय स्थान संजय कुमार गोंडा ने प्राप्त किया।