गोंडा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में मंगलवार शाम एक बीमार बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इस मामले में बेटे ने स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था। बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने अस्पताल पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसके साथ ही वार्डों में जाकर ऑक्सीजन पैनल की भी पड़ताल की।
रानीपुरवा निवासी संतोष सिंह ने पिता स्वामीनाथ की इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। अमर उजाला में बृहस्पतिवार के अंक में इमरजेंसी में मरीज की मौत, लापरवाही का आरोप शीर्षक से प्रकाशित समाचार का संज्ञान लेते हुए दोपहर में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। प्राचार्य ने बताया कि फुटेज में लापरवाही जैसी कोई ऐसी बात सामने नहीं आई है।
बताया कि चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ शालीन व्यवहार करने का निर्देश दिया गया है। प्राचार्य ने मेडिकल चिल्ड्रेन वार्ड, पीआईसीयू सहित अन्य वार्डों में पहुंचकर ऑक्सीजन पैनल की जांच की। बताया कि पैनल की मरम्मत करा दी गई है। अधिकांश ऑक्सीजन पैनल दुरुस्त हो गए हैं। अब ऑक्सीजन की दिक्कत नहीं रहेगी। इस दौरान सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह, डॉ. आफताब आलम सहित अन्य मौजूद रहे।