होमगार्ड उदयदत्त पांडेय की खतौनी लगाकर फर्जी तरीके से नौ लाख रुपये लोन निकाल लेने के मामले में पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया व इलाहाबाद बैंक में ऋण से संबंधित कागजातों को सीजकर मालखाने में दाखिल कर दिया है। इससे बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के ख्वाजोज गांव के मजरा सेवकपुरवा के रहने वाले होमगार्ड उदयदत्त पांडेय की खतौनी लगाकर प्रबंधक बैंक आफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया व इलाहाबाद बैंक की मिलीभगत से हनुमंताभारी गांव के रहने वाले वेदप्रकाश उर्फ मुन्ना शर्मा, उसकी पत्नी, बेलहरी गांव के अतुल कुमार व रामकुमार ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर खाता खोलकर उसके खाते पर नौ लाख 13 हजार रुपये लोन कराकर निकाल लिया और जब उसे जानकारी हुई तो पूछने पर धमकी दी थी।
इस मामले में होमगार्ड उदयदत्त पांडेय ने 28 दिसंबर को नगर कोतवाली में बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक रंजीत कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक बीबी शर्मा, इलाहाबाद बैंक बालपुर के शाखा प्रबंधक मुकेश, वेदप्रकाश उर्फ मुन्ना शर्मा, उसकी पत्नी, रामकुमार व अतुल कुमार के खिलाफ जालसाजी, गबन व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मुकदमे के विवेचक बड़गांव चौकी प्रभारी अरविंद शाही ने बताया कि तीनों बैंकों के फर्जी लोन से संबंधित कागजातों को सीज कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सीज कागजातों को नगर कोतवाली के मालखाना में दाखिल कर दिया गया है।