गोंडा। कोरोना कर्फ्यू लोगों के सावधानी व स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ने से जिले में कोराना संक्रमण की रफ्तार थमने लगी है। मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार 24 घंटे में सिर्फ 13 लोग ही संक्रमित पाए गये, जबकि 36 लोग कोराना संक्रमण से ठीक हुए हैं। वहीं कोरोना संक्रमण से पीड़ित एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
कोरोना कर्फ्यू के कारण लोगों के अनावश्यक रूप बाहर न निकलने तथा कोरोना को लेकर लोगों केे जागरूकता व स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता के कारण जिले में कोरोना संक्रमण के मामले में काफी हद तक कमी आई है।
जहां एक तरफ कोरोना संक्रमितों के नए मामले में काफी कमी आ रही वहीं कोरोना से मौत भी कम होने लगी है। स्वास्थ्य विभाग की रिस्पांस टीमें कोरोना संक्रमित व्यक्ति के घर जाकर मेडिकल किट मुहैया कराई। साथ ही लोगों को कोरोना से बचने के लिए जागरूक भी किया।
जिला प्रशासन की ओर से नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के सभी वार्डों तथा ग्राम पंचायतों में निगरानी समिति का गठन किया गया है। समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने के लिए जागरूक कर रही हैं।
इसकी वजह से कोरोना संक्रमण का फैलाव कम होने लगा है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में 13 व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले है।
सीएमओ डॉ. आर एस केसरी ने बताया कि सभी मरीजों को होम क्वारंटीन किया गया है। रिस्पांस टीमें अपने-अपने क्षेत्र के कोरोना के होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों से संपर्क बनाई हुई है। ताकि किसी हालत खराब हो तो उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया जा सकें।
कोरोना टीकाकरण को तेज करने के लिए मंगलवार को अभिभावक स्पेशल टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। जिसमें 18 वर्ष से लेकर 44 वर्ष तक ऐसे लोगों को टीका लगाया गया जिनके बच्चों की उम्र 12 वर्ष से कम है। यह सत्र पीएचसी बरियारपुरवा व जिला अस्पताल के टीबी कक्ष के सामने लगाया गया।
अभिभावक स्पेशल टीकाकरण बुधवार व गुरुवार को भी आयोजित किए जाएंगे। वहीं तीन मई से कर्मचारियों के लिए विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाएगा। जिसमें बैंक आफ इंडिया व पोस्टल अधिकारी कर्मचारियों के लिए विकास भवन में , शिक्षकों के लिए राजकीय बालिका इंटर कालेज में मीडिया कर्मी व पेट्रोलियम कर्मचारियों के लिए जिला पंचायत कार्यालय के पास टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएगें।
सीएचसी बेलसर में मंगलवार को दोपहर बाद 45 साल के ऊपर वालो के लिए वैक्सीन खत्म हो गई। जिससे टीका लगवाने आए लोगों को वापस लौटना पड़ा। चिकत्सा अधीक्षक ने बताया कि मंगलवार को 45 वर्ष के ऊपर वालों के लिए 210 डोज थी जिसमें 30 डोज सीएचसी के लिए रोककर 180 डोज ग्राम पंचायतों में टीकाकरण के लिए भेज दिया गया।
खभरोनी, लव्वा टपरा, भिखारीपुर कला, बदलेपुर, डिक्सिर ग्राम पंचायतों में 45 के उपर वालों का टीकाकरण किया का रहा है। दोपहर दो बजे भिखारीपुर कला में भी टीका खतम होने की सूचना कंट्रोल रूप को भेेजी गई। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि वैक्सीन की डोज आज शाम तक सीएचसी पहुंचने की उम्मीद है। सुबह से फिर टीकाकरण शुरू किया जाएगा।