गोंडा। युवती की हत्या कर कटरा बाजार के सेल्हरी कुशहा गांव में गन्ने के खेत में शव फेंकने के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगा है। पुलिस का शक सेल्हरी मंडप गांव के ही कुछ लोगों पर है। पुलिस सूत्रों की मानें तो सनसनीखेज वारदात में पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को उठाया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक सिमकार्ड बरामद किया है। उम्मीद है कि इसी सिमकार्ड से न सिर्फ युवती की पहचान हाेगी, बल्कि कातिलों तक पहुंचने में भी पुलिस को मदद मिलेगी।
रविवार सुबह सेल्हरी कुशहा गांव में गन्ने के खेत में 20 वर्षीय अज्ञात युवती का शव बोरी में मिला था। घटनास्थल से करीब 10 मीटर दूरी पर एक सिमकार्ड मिला है। पुलिस इस सिमकार्ड की कॉल डिटेल खंगाल रही है। जिसके जरिए आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल मोबाइल चोरी के रैकेट में शामिल युवक पर पुलिस की निगाहें टिकी हैं। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस को युवती की शिनाख्त में कामयाबी नहीं मिल सकी है।
पुलिस का दावा है कि पीएम रिपोर्ट के बाद कुछ जानकारी हो सकती है। आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की गई है। चर्चा है कि मंडप चौराहे के पास रेडीमेट गारमेंट्स की दुकान पर युवती को पूर्व में देखा गया है। पुलिस ने संबंधित दुकान के सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला है। मगर कैमरा बंद पाया गया। आशंका है कि दुष्कर्म के विरोध में युवती की हत्या की गई है।