गोंडा। गोंडा नगर पालिका क्षेत्र के विस्तार की पहल शुरू हो गई है। बहुत दिनों से हो रही मांग अब पूरी होने वाली है। गोंडा नगर पालिका की आबादी करीब सवा लाख के करीब है,जबकि गोंडा शहरी क्षेत्र की आबादी ढाई लाख के करीब है। शहरी क्षेत्र का लाभ नगर पालिका से सटी 34 ग्राम पंचायतों को मिल रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी ने इन 34 गांवों को नगर पालिका में शामिल करने के लिए बैठक कर अधिकारियों से 15 दिनों के भीतर विस्तृत ब्योरा तलब किया है। इसमें 14 ग्राम पंचायतों का ब्यौरा आ गया है शेष पंचायतों की रिपोर्ट मांगी गई है। माना जा रहा है कि वह दिन दूर नहीं जब गोंडा नगर पालिका की सीमा का विस्तार हो जाएगा और यह नगर महापालिका बनने की सूची में पहुंच जाएगा।
नगर पालिका परिषद गोंडा के सीमा विस्तार किए जाने के संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने प्रभारी नगर निकाय व जिला पंचायतराज अधिकारी से 15 दिनों के अंदर नगर पालिका परिषद गोंडा में शामिल किए जाने वाले गांवों की विस्तृत रिपोर्ट तलब किया है।
बैठक में बताया गया कि नगर पालिका गोंडा का सीमा विस्तार किए जाने के लिए अब तक 14 गांवों का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें विकासखंड झंझरी के 10 गांवों गिर्द गोंडा, जानकी नगर, बड़गांव, इमलिया गुरदयाल, छावनी सरकार, परेड सरकार, पथवलिया, बभनी कानूनगो, कटहामाफी, केशवपुर पहड़वा, रूद्रपुर विसेन व पूरे शिवा बख्तावर तथा विकासखंड पण्डरीकृपाल के खैरा, दत्त नगर तथा बूढ़ादेवर गांव शामिल हैं। प्रभारी नगर निकाय सिटी मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी ने बताया कि अभी तक 13 गांवों के प्रस्ताव प्राप्त हो गए हैं तथा विकासखंड झंझरी अंतर्गत ग्राम पूरे शिवा बख्तावर का प्रस्ताव अभी आना शेष है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूरे शिवा बख्तावर का प्रस्ताव शीघ्र कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाय।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि गांवों को नगर पालिका में शामिल किए जाने के लिए तहसील से विस्तृत रंगीन मानचित्र प्रस्तुत किया जाय तथा जनसंख्या व व्यवसाय का सम्पूर्ण ब्यौरा भी प्रस्तुत किया जाय, जिससे मानक पूर्ण करने वाले गांवों को नगर पालिका में शामिल करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सीमा विस्तार के लिए नगर पालिका परिषद गोंडा से सटे गांवों का पुन: सर्वे करके मानक पूर्ण करने वाले गांवों को नगर पालिका में शामिल करने के लिए प्रस्ताव ग्राम पंचायत के माध्यम से भेजा जाय, जिससे शासन को प्रस्ताव भेजकर गांवों को नगर पालिका परिषद में शामिल कराया जा सके। बैठक में एडीएम राकेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी, एसडीएम सदर वीर बहादुर यादव, तहसीलदार सदर पैगाम हैदर, ईओ नगर पालिका विकास सेन, एलबीसी सुशील श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।