उमरी बेगमगंज (गोंडा)। स्थानीय थाने में शुक्रवार को एक प्रेमी जोड़े ने भगवान शिव को साक्षी मानकर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में सात फेरे लिए।
एसओ नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि बरौली सेमरा निवासी रूबी और परसपुर के गजसिंहपुर लोधनपुरवा निवासी राकेश ने शुक्रवार को उमरीबेगमगंज थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में विवाह किया। रूबी ने प्रेमी राकेश का रिश्ता दूसरी जगह तय होने पर पुलिस से शिकायत की थी। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की। इस पर दोनों के परिजन शादी के लिए राजी हो गए। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद शुक्रवार को थाना परिसर में रूबी व राकेश ने एक-दूसरे को जयमाल पहनाया। इसके बाद सात फेरे लिए।
उपनिरीक्षक दयाशंकर यादव, मुख्य आरक्षी मनीष कुमार, आशुतोष यादव, परमानंद, जितेंद्र, सुरेश यादव, मिथिलेश कनौजिया, आरक्षी चालक जनार्दन प्रसाद, प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू सिंह, पूर्व प्रधान हिमांशु सिंह, अमरेश कुमार, बलवंत शर्मा आदि ने नवदंपती को शुभकामनाएं दीं। (संवाद)