गोंडा। यात्रियों को रीयल-टाइम सुविधाएं देने की दिशा में परिवहन निगम बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब यात्रियों को बसों की सटीक लोकेशन जानने के लिए बस स्टैंड पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। परिवहन निगम की ओर से बनाए गए यूपी मार्गदर्शी एप पर बस की लाइव ट्रैकिंग उपलब्ध होगी। इसके लिए प्रदेश की अधिकांश बसों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) लगाए जा चुके हैं।
जिले में रोडवेज के बेड़े में 135 बसें संचालित हो रही हैं। इसमें ट्रैकिंग डिवाइस लगाने की शुरूआत हो गई है। इस डिवाइस के एक्टिव होने के बाद बस किस रूट पर है, कहां तक पहुंच चुकी है और कितनी देर में स्टेशन पर आने वाली है, इसकी रीयल-टाइम जानकारी एप पर मिल जाएगी। इससे यात्रियों को समय की बचत होगी तथा अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत भी मिलेगी। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विभाग ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सभी बसों में पैनिक बटन लगाने की तैयारी चल रही है। यह बटन सीधे 1090 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन से कनेक्ट होगा। किसी भी आपात स्थिति में यात्री पैनिक बटन दबाते ही कंट्रोल रूम तक लोकेशन सहित अलर्ट पहुंच जाएगा। जिसके बाद नजदीकी पुलिस तुरंत सहायता उपलब्ध कराएगी।
एआरएम कपिलदेव ने बताया कि नई व्यवस्था से यात्रा अधिक सुरक्षित, पारदर्शी व सुविधाजनक बनेगी। विभाग चरणबद्ध तरीके से सभी बसों में उपकरणों की स्थापना और एप लिंकिंग का काम पूरा कर रहा है। यात्रियों से भी अपील है कि वे मार्गदर्शी एप डाउनलोड कर तकनीकी सुविधाओं का लाभ उठाएं।