पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा देश में देखे गए सुशासन के सपने को केंद्र की मोदी सरकार पूरा करेगी। यूपी तथा बिहार में परिवहन की विशेष संभावनाओं को देखते हुए रेल मंत्रालय इन दोनों प्रदेशों में खास फोकस करेगा। पांच वर्षों में रेल मंत्रालय साढे़ आठ लाख करोड़ रुपये का निवेश कर रेल नेटवर्क तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
यह बातें रविवार को दोपहर सुशासन एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने आए केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभू तथा रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने संयुक्त रूप से कहीं।
रेल मंत्री ने कहा कि बलरामपुर के लोगों की बौद्घिक क्षमता व दूरदृष्टि सराहनीय है, क्योंकि यहां के लोगों ने देश तथा विश्व को अपना लोहा मनवाने वाले महान नेता अटल बिहारी वाजपेयी को पहली बार अपना प्रतिनिधि चुनकर लोकसभा में भेजा था।
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने रेल परिवहन के मामले में यूपी तथा बिहार की उपेक्षा की। इन दोनों राज्यों में सर्वाधिक आबादी होने के कारण यहां रेलवे यातायात एवं विकास की अपार संभावनाएं हैं।
रेल मंत्रालय आगामी पांच वर्षों में इन दोनों प्रदेशों के रेल नेटवर्क व यात्री सुविधाओं पर खास फोकस करेगा। यूपी तथा बिहार में रेलवे से संबंधित उद्योगों की स्थापना कर यहां के लोगों को रोजगार भी मुहैया कराया जाएगा।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि नव निर्मित बढ़नी-गोंडा रेल खंड पर ग्वालियर तथा मुंबई के लिए साप्ताहिक ट्रेनों तथा गोरखपुर से गोंडा तक चार पैसेंजर ट्रेनों का संचालन कर अटल जी के सपनों को पूरा किया गया है।
अटल जी का सपना था कि बलरामपुर के लोगों को भी दिल्ली व मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा मुहैया हो। इस अवसर पर श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्र, बहराइच सांसद सावित्री बाईफुले, पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र, पूर्व मंत्री हनुमंत सिंह, देवीपाटन शक्तिपीठ के महंत मिथलेशनाथ योगी आदि मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश देश का सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य है। इसे देखते हुए प्रदेश में आबादी केहिसाब से रेल सुविधाओं को और बढ़ाया जायेगा। इसके लिए प्रदेश के साथ ज्वाइंट वेंचर पर काम किया जायेगा।
इसी क्रम में बुंदेलखंड में उपेक्षित रेलवे स्टेशनों का विकास किया जायेगा और वहां यात्रियों को सुविधाएं देने के लिए नई ट्रेनों को चलाया जायेगा।
साथ ही, अगर प्रदेश सरकार रेलवे को जमीन देगी तो नई रेलवे लाइनें भी बिछाई जाएंगी और बहुत जल्द रेलवे बजट में घोषित योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
रविवार को चारबाग रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत केदौरान रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने यह बात कही। इस मौके पर उनके साथ रेल राज्य मंत्री मनोज कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे।