गोंडा। शहर के गांधी पार्क में अमर उजाला की ओर से तीन दिवसीय गांव महोत्सव का आगाज बुधवार को होगा। रंगारंग कार्यक्रमों की महफिल सजेगी। मंच पर छात्र-छात्राओं को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। गीत, संगीत के साथ ही नृत्य का संगम होगा। महोत्सव 13 फरवरी तक चलेगा।
गांव महोत्सव में विभिन्न गतिविधियां कराई जाएंगी। मैदान को सजाने-संवारने का काम पूरा हो चुका है। मंगलवार को पूरे दिन आयोजन से जुड़े लोग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। महोत्सव में किसान गोष्ठी, किसान सम्मान, पंचायत प्रतिनिधि सम्मान, महिलाओं, विद्यार्थियों व खिलाड़ियों का सम्मान होगा। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगेगा। इसमें चिकित्सक लोगों की सेहत जांचने के साथ ही परामर्श देंगे। महोत्सव में किसानों को उन्नत खेती की सलाह देने के साथ बच्चों को मंच उपलब्ध कराया जाएगा। हर घंटे लकी ड्रॉ कराया जाएगा।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक व विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देंगे। अपना पशु आहार की ओर से जानवरों के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में मयूर ग्रुप, अपना पशु आहार, उत्तर प्रदेश सरकार मुख्य सहयोगी व ऊषा इंटरप्राइजेज, राॅयल इनफील्ड पीएडब्ल्यूपीएल, वीआर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वेदम स्कूल, पराग, एमएम एग्रीकल्चर मशीनरी, एमएमआर यूनिक एग्रीकल्चर, कोको एसोसिएट, केर्ड बायो एनर्जी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, बलरामपुर चीनी मिल, इंडियन बैंक, यूपी ग्रामीण बैंक, ट्रेंड सलूजा व बजाज शुगर मिल सहयोगी की भूमिका में हैं। उद्यान, गन्ना, स्वास्थ्य, कृषि, संभागीय परिवहन व समाज कल्याण विभाग, युवा सोच, कमल मोटर्स, आरएन पांडेय हॉस्पिटल, विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, विधायक प्रेमनरायन पांडेय, विधायक अजय सिंह व विधायक प्रभात वर्मा भी सहयोगी हैं।