एसपी कार्यालय में लूट मामले में गिरफ्तार आरोपी। - संवाद
गोंडा। मनकापुर में अमवा जंगल के पास दो दिन पहले गल्ला व्यापारी के डीसीएम चालक से 3,36,200 रुपये की लूट की वारदात झूठी निकली। डीसीएम चालक ने ही अपने साथी संग मिलकर लूट की साजिश रची थी। चालक और उसके साथी ने लोन पर ली पिकअप की किस्त चुकाने के लिए लूट की कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने डीसीएम चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लूट की पूरी रकम 3,36,200 रुपये, मोबाइल फोन व वारदात में प्रयुक्त डीसीएम चालक के साथी की पिकअप बरामद की है।
रानीबाजार निवासी गल्ला व्यवसायी अमरदीप अग्रवाल का डीसीएम चालक राजू यादव निवासी गरीबी पुरवा 15 सितंबर को गल्ला लादकर बभनान कस्बे के व्यवसायी शेषराम साहू उर्फ साधु के यहां गया था। वहां गल्ला उतारने के बाद तकादे की रकम 3,36,200 रुपये लेकर लौट रहा था। चालक राजू ने व्यवसायी अमरदीप को फोन पर सूचना दी थी कि मनकापुर में अमवा जंगल के पास स्काॅर्पियो सवार दो बदमाशों ने तमंचे से धमकाकर उसे पीटा और 3,36,200 रुपये नकदी लूटकर फरार हो गए। लूट की सूचना पर पहुंची सीओ मनकापुर नवीना शुक्ला ने देर रात तक मसकनवा से लेकर बभनान के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने अमरदीप की तहरीर पर स्काॅर्पियो सवार दो बदमाशों के खिलाफ छिनैती का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी सर्वजीत गुप्ता व मनकापुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह की टीम को लगाया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक राजू यादव से पूछताछ की तो वह बार-बार बयान बदलता रहा। कड़ाई से पूछताछ में चालक राजू ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। राजू ने बताया कि उसने और उसके साथी सोनू वर्मा निवासी एलनपुर ग्रंट ने किस्त पर पिकअप ली थी। जिसकी किस्त नहीं चुका पा रहे थे। इसी के चलते दोनों ने मिलकर अमरदीप की रकम हड़पने की साजिश रची थी।
एसपी के मुताबिक राजू ने बताया कि प्लान के तहत जब वह बभनान से तकादे की रकम लेकर निकला तो सोनू को फोन करके अमवा जंगल के पास बुलाया और अपना मोबाइल फोन दे दिया। जिसे तोड़कर सोनू ने फेंक दिया और तकादे की रकम लेकर भाग गया था। इसके बाद गल्ला व्यवसायी अमरदीप अग्रवाल को लूट की सूचना दी थी। एसपी के मुताबिक दबिश देकर साेनू वर्मा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर लूट की रकम 3,36,200 रुपये नकदी व वारदात में प्रयुक्त सोनू वर्मा की पिकअप बरामद हुई है। बताया कि लूट के केस को गबन व साजिश की धाराओं में तरमीम कर दिया गया है।