फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: सीता हरण की लीला देख भर आईं भक्तों की आंखें

Sun, 28 Sep 2025 02:52 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
करनैलगंज में अक्षय कुमार के वध की लीला का मंचन करते कलाकार। - संवाद 
विज्ञापन
गोंडा। मालवीय नगर में चल रही रामलीला में शुक्रवार रात पंचवटी निवास, शबरी मिलन और सीता हरण का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला के प्रारंभिक दृश्य में प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण पंचवटी में निवास करते दिखाए गए।
विज्ञापन

श्रीराम ने वहां विविध लीलाएं करते हुए राक्षस मारीच और सुबाहु का वध करके धर्म की रक्षा की। इसके बाद शबरी मिलन का मंचन किया गया। वृद्धा शबरी ने प्रेमभाव और भक्ति में प्रभु को जूठे बेर अर्पित किए। भगवान द्वारा उन्हें स्नेहपूर्वक स्वीकार करने का दृश्य देख दर्शकों की आंखें श्रद्धा से नम हो गईं। इसके पश्चात शूर्पणखा प्रसंग मंचित किया गया। रावण की बहन शूर्पणखा ने श्रीराम से विवाह का प्रस्ताव रखा, जिसे अस्वीकार करने पर वह क्रुद्ध होकर सीता जी को हानि पहुंचाने का प्रयास करती है। लक्ष्मण ने उसकी नाक और कान काट दिए। अपमानित शूर्पणखा रावण के पास जाकर सब कुछ बताती है और प्रतिशोध लेने के लिए भड़काती है।
इसके बाद साधु का वेश धारण कर रावण पंचवटी पहुंचता है और सीता जी से भिक्षा मांगता है। आतिथ्य धर्म निभाने हेतु सीता जी उसे भिक्षा देती हैं। तभी वह अपने असली रूप में आ जाता है। सीता जी भयभीत होकर राम-लक्ष्मण को पुकारती हैं, किंतु छलपूर्वक राम और लक्ष्मण को कुटिया से दूर करने की उसकी योजना सफल हो चुकी होती है।
विज्ञापन


रावण माता सीता का अपहरण कर पुष्पक विमान से लंका की ओर उड़ जाता है। मार्ग में जटायु उसे रोकने का प्रयास करता है, किंतु वीर पक्षी का वध कर वह आगे बढ़ जाता है। मंच पर सीता जी का करुण विलाप देख दर्शकों की आंखें भर आईं। अंत में भगवान की आरती संपन्न हुई। अध्यक्ष अनिल सिंह ने दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हरीश शुक्ल, धीरेंद्र पांडेय आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।



हनुमान ने किया लंका दहन, मचा हाहाकार

करनैलगंज। रामलीला में शुक्रवार रात वानर राज सुग्रीव ने अपनी सेना को चारों दिशाओं में सीता जी की खोज के लिए भेजा। इस बीच जामवंत ने हनुमान जी को उनके अपार बल की याद दिलाई। तब हनुमान जी ने समुद्र लांघकर लंका की ओर प्रस्थान किया। मार्ग में सुरसा, सिंहिका और लंकिनी से संघर्ष करते हुए वह अशोक वाटिका पहुंचे। वाटिका में सीता जी को देखकर हनुमान जी ने श्रीराम की अंगूठी उनके चरणों में अर्पित की और अपना परिचय दिया। सीता जी को विश्वास दिलाने के बाद हनुमान जी ने वाटिका तहस-नहस कर दी। यह समाचार रावण तक पहुंचा, तो उसने अपने पुत्र अक्षय कुमार को सेना लेकर भेजा। युद्ध में हनुमान जी ने अक्षय कुमार का वध कर दिया। इसके बाद आए मेघनाथ ने हनुमान जी को नागपाश में बांधकर रावण के दरबार में पहुंचा दिया। वहां रावण के आदेश पर उनकी पूंछ में कपड़ा लपेटकर तेल डलवाया गया और आग लगा दी गई। हनुमान जी ने अग्नि से धधकती पूंछ से सोने की लंका को जला डाला। (संवाद)
राम के प्रत्यंचा चढ़ाते ही दो टुकड़ों में हो गया शिव धनुष
इटियाथोक। करुआपारा गांव में चल रही रामलीला में शुक्रवार रात सीता स्वयंवर का मंचन किया गया। इसमें दिखाया गया कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने सहज भाव से धनुष उठा लिया। प्रत्यंचा चढ़ाते ही वह अद्भुत धनुष दो टुकड़ों में टूट गया। धनुष टूटते ही पंडाल जयघोष से गूंज उठा। कलाकारों की भावभंगिमा और संवादों ने सभी को रामायण काल में पहुंचा दिया। इस अवसर पर राजित राम द्विवेदी, काशी ओझा, राजेश ओझा, अन्नू पांडेय आदि मौजूद रहे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें