मनकापुर (गोंडा)। कूट रचित दस्तावेज के आधार पर पूर्व में बैनामे की भूमि को दूसरे के नाम पुन: बैनामा करने को लेकर पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के पचपुती जगतापुर गांव निवासी भगवान प्रसाद पुत्र कल्लू पुलिस को दिये तहरीर में कहा है कि गांव में स्थित गाटा संख्या.1165-0.1300 हेक्टेयर जो वर्ष 2014 को मूल खातेदार मृतक राम कली के वारिसान केवलपता, कमलपता व जयपता पुत्री राम कली निवासी उपरोक्त से जरिए बैनामा लिया था। जिसकी दाखिल खारिज भी हो चुकी है।
विपक्षी गण केवलपता द्वारा उक्त जमीन पर अपने नाम पाही बनाकर सरकारी कागजात में हेराफेरी व कूट रचना कर संपूर्ण अराजी का वरासत अपने नाम करा लिया। कुछ दिन बाद केवल पता द्वारा कूटरचित व सरकारी कागजात में हेराफेरी कर पुन: उपरोक्त भूमि का विक्रय सांवली देवी पत्नी तिलकराम के पक्ष में बैनामा कर दिया और क्रेता द्वारा खतौनी में भी नाम दर्ज करा लिया। मामले में पुलिस ने केवल पता व सांवली देवी के खिलाफ हेराफेरी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।