गोंडा के कटरा बाजार क्षेत्र के गोड़वा गांव में कब्र खोदकर शव निकालते मजदूर, मौके पर तैनात पुलिस।
- फोटो : GONDA
कटरा बाजार (गोंडा)। गोड़वा गांव की रहने वाली एक विवाहिता की 17 दिन पहले संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिवार के लोगों ने शव गांव के समीप लंबरदार पुरवा के पास दफना दिया था। विवाहिता के पिता ने जिलाधिकारी से मिलकर ससुुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए मामले में एफआईआर दर्ज कराने की फरियाद की। डीएम के आदेश पर गुरुवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने कब्र खोदवाकर शव का बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
थाना कटरा बाजार के प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि 12 अगस्त को गोड़वा गांव निवासी साबिर अली उर्फ ललुवा की पत्नी आसिया (40) का शव संदिग्ध हालात में उसके घर में फंदे से लटकता मिला था। ससुुराल वालों ने शव को दफना दिया था। मामले में आसिया के पिता कोतवाली करनैलगंज के क्षेत्र के कचनापुर निवासी मोहम्मद युनूस ने डीआईजी व डीएम से ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी।
डीएम डॉ. नितिन बंसल के आदेश पर गुरुवार को उपजिला मजिस्ट्रेट करनैलगंज ज्ञान चंद्र गुप्ता की मौजूदगी में पुलिस ने कब्र खोदवाकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।