उमरीबेगमगंज (गोंडा)। सोनौली मोहम्मदपुर में भिखारीपुर सकरौर तटबंध के पास रविवार को सरयू (घाघरा) नदी में भैंस नहलाने गए राजाबाबू यादव (14) को मगरमच्छ खींच ले गया। वहां मौजूद दो साथियों ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई।
कुछ लोगों ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाया। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो (अमर उजाला पुष्टि नहीं करता) में नदी में मगरमच्छ नजर आ रहा है। गोताखोरों ने नदी में जाल डालकर राजाबाबू की तलाश शुरू की मगर शाम तक सफलता नहीं मिली। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिया है। सोनौली मोहम्मदपुर के चौलहन पुरवा बच्ची माझा निवासी कुंवर बहादुर यादव का बेटा राजाबाबू रविवार सुबह 10 बजे साथी प्रवीन व पवन के साथ भैंस को नहलाने के लिए भिखारीपुर सकरौर तटबंध के स्पर नंबर पांच के पास गया था। तीनों किशोर सरयू में अपनी-अपनी भैंस को नहला रहे थे। तभी मगरमच्छ राजाबाबू को पानी में खींचने लगा।
प्रवीन व पवन ने बताया कि पहले वह बचाने दौड़े, लेकिन बाद में मगरमच्छ से डरकर पीछे हट गए। शोर मचाया तो गांव के लोग जुट गए। सूचना पर ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय, राजस्व निरीक्षक अवधेश कुमार, लेखपाल रामेश्वर दत्त तिवारी आदि मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने नदी में कई जगह जाल डाला, लेकिन सफलता नहीं मिली।
एसडीएम तरबगंज राजीव मोहन सक्सेना मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने कहा कि नदी में इस स्थान पर कई मगरमच्छ हैं। मगरमच्छ को पकड़वाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश की जा रही है।