जीआरपी थाने में एसपी जीआरपी लक्ष्मीनिवास मिश्र के सामने पिस्टल खोलते पुलिसकर्मी। -स्रोत: विभाग
गोंडा। एसपी रेलवे (गोरखपुर) लक्ष्मी निवास मिश्र ने शनिवार को जीआरपी कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बैरक, शस्त्रागार, मेस और अभिलेखों का मुआयना किया।
एसपी दोपहर ढाई बजे कोतवाली पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों का रखरखाव और अपराध रजिस्टर व मालखाना रजिस्टर की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने रिवाॅल्वर, पिस्टल और रायफल खोलने और बंद करने की दरोगा व सिपाहियों की दक्षता परखी। कई पिस्टल में मैगजीन फंसी मिली, जिन्हें बमुश्किल निकाला गया। इस दौरान एक सिपाही इंसास रायफल नहीं खोल पाया। एसपी ने उसे रायफल खोलने का तरीका समझाया, तब वह रायफल खोल सका।
एसपी ने कहा कि स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जीआरपी की है। इसलिए सभी सजगता से ड्यूटी करें।