गोंडा। शहर के विकास को लेकर सोमवार को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें 5.19 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई। इससे शहर में सड़क, नाली व अन्य बुनियादी सुविधाओं के कार्य कराए जाएंगे।
बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष उज्मा राशिद और संचालन अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने किया। बैठक में 15वें वित्त आयोग की अनटाइड ग्रांट से प्राप्त करीब 5.19 करोड़ रुपये की धनराशि से शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य कराने पर सहमति बनी। इन योजनाओं के तहत नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग सड़क, सीसी रोड, नाला मरम्मत, क्रॉस ड्रेन, स्लैब निर्माण और सुंदरीकरण जैसे कार्य कराए जाएंगे। सिविल लाइंस, पंतनगर, पटेलनगर, महरानीगंज, इमामबाड़ा, मेवातियान, रकाबगंज, दयानंद नगर और सुभाषनगर समेत विभिन्न वार्डों में सड़क व नाली निर्माण से जलभराव और खराब सड़कों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एलईडी स्ट्रीट लाइट, फ्लड लाइट, केबल व अन्य उपकरणों की खरीद के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा आगामी वित्तीय वर्ष के लिए टैक्सी, टेंपो व ई रिक्शा स्टैंड शुल्क, पार्किंग शुल्क वसूली, अस्थायी रैन बसेरा संचालन तथा कार्यालय उपयोग की सामग्री की आपूर्ति से जुड़े प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई।
बैठक में सभासद शाहिद अली कुरैशी ने जर्जर पुलियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि शहर के कई स्थानों पर पुलिया खराब हालत में हैं, जिससे जलनिकासी प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही कर्मचारियों के एसीपी व पूर्व पीएफ भुगतान को लेकर भी सवाल उठाए गए। बैठक में सभासद फहीम सिद्दीकी, आजम, आफरीन, श्वेता शर्मा, प्रकाश आर्य, संदीप पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।
नाम बदलने पर जताई सहमति
बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों और पार्कों के नाम महापुरुषों के नाम पर रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके तहत अंबेडकर चौराहा से डिग्री कॉलेज तक मार्ग का नाम महाराजा देवी बख्श सिंह, चेतना पार्क का नाम स्वतंत्रता सेनानी लाल बिहारी टंडन तथा अंबेडकर चौराहा से जेल रोड तक मार्ग का नाम अमर शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी के नाम पर रखने पर सहमति बनी।