गोंडा। इटियाथोक क्षेत्र में तैनात लेखपाल की मनमानी से परेशान क्षेत्र के तीन ग्राम प्रधानों ने जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम प्रधानों ने लेखपाल के तबादले की मांग की है।
ग्राम पंचायत बडांड के प्रधान शकील खान, निसारपुर की राजरानी व बसालतपुर के ग्राम प्रधान कृष्ण गोपाल सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उनके यहां तैैनात लेखपाल रितेश कुमार तिवारी तीन चार महीने में एक बार क्षेत्र में आते हैं, जिससे जरूरतमंदों को खसरा, खतौनी आदि लेने में काफी परेशानी हो रही हैं।
प्रधानों का आरोप है कि लेखपाल गरीब व जरूरतमंदों के आय प्रमाण पत्र बनवाने में 500 रुपये सुविधा शुल्क की मांग करते हैं, इसके अलावा सरकारी काम में भी व्यवधान उत्पन्न करते हैं, शौचालय के लिए जमीन सीमांकन का काम कई बार कहने के बाद भी महीनों से लटका रखा है।
जिससे सामुदायिक शौचालय का काम नहीं हो पा रहा है। ग्राम प्रधानों ने लेखपाल के स्थानांतरण की मांग की है। ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्र के कई दर्जन लोगों के हस्ताक्षर युक्त शिकायती पत्र भी दिए हैं। हल्का लेखपाल रितेश तिवारी ने बताया कि वह क्षेत्र में जाते हैं। ग्राम प्रधानों का आरोप निराधार है।