तरबगंज (गोंडा)। कोटेदार के यहां राशन लेने गए युवक को निर्धारित मूल्य से अधिक वसूलने का वीडियो बनाने पर कोटेदार के पुत्रों ने जमकर पीटा। मामले में थाना तरबगंज में तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब पीड़ित कार्डधारक की शिकायत पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपर सचिव खाद्य सार्वजनिक वितरण को जांच सौंपी गई है।
मामला तरबगंज ब्लाक के धौरहरा घाट का है। यहां के निवासी रामबदल का आरोप है कि यहां मालती देवी कोटेदार हैं। जिनके कोटे का संचालन उनके पुत्र अवनीश शुक्ला करते हैं। आरोप है कि आए दिन वह दबंगई के बल पर लोगों से अंगूठा लगवा लेते हैं। राशन नहीं देते हैं।
8 सितंबर को वह अपनी माता रामराजी के नाम पर बने चार यूनिट के कार्ड को लेकर राशन लेने कोटेदार के घर गया था। जहां पर उससे निर्धारित मूल्य 48 रुपये के बजाय 80 रुपये वसूला गया। रामबदल ने 80 रुपये वसूले जाने का वीडियो बनाना शुरू किया तो कोटेदार के तीन पुत्रों ने मिलकर उसे जमकर पीटा, फोन छीन कर वीडियो डिलीट कर दी।
पीड़ित ने स्थानीय थाने पर तहरीर दी तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय में की थी। अब पीड़ित की शिकायत पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी जांच अपर सचिव खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण को सौंपी है।
उधर ग्राम प्रधान मालती देवी और उनके बेटे अवनीश शुक्ल ने आरोप को फर्जी बताया है। अवनीश का कहना है कि रामबदल की यूनिट के हिसाब से 20 किलो अनाज बनता है, जबिक वह 50 किलोकी मांग कर रहा था।