गोंडा। धानेपुर थाना क्षेत्र के बेलहरी सिंहपुर के रहने वाले रोहित पांडेय हत्याकांड में पुलिस से परिजनोंं का विश्वास टूट गया है। हत्या के पांच दिन बाद भी पुलिस हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। परिजनों ने सोमवार को एसपी से मिलकर अपनी पीड़़ा सुनाई।
क्षेत्र के बेलहरी सिंहपुर गांव का रहने वाला रोहित पांडेय (18) पुत्र मुनि प्रकाश पांडेय क्षेत्र के केदारनाथ छेदीलाल बाल विद्या मंदिर में 10वीं का छात्र था। वह 11 जुलाई की सुबह अपने घर से 700 मीटर की दूरी पर स्थित सोहिला तालाब से निकले डहुका नालेे में नहानेे गया था। मगर काफी देर तक वापस नहीं लौटा। इसी बीच वहां मौजूद गांव के कुछ युवकों ने नाले में रोहित का शव पड़ा देखा तो उसे बाहर निकाला और परिवार वालों को सूचना दी। रोहित के भाई अनुराग पांडेय ने रंजिश में ही उसके छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगाते हुए गांव के तीन सगे भाईयों कन्हैयालाल, विजय बहादुर, रविंद्र कुमार व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रोहित के बड़े भाई अनुराग पांडेय ने बताया कि हत्याकांड के पांच दिन बाद भी पुलिस हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। इससे धानेपुर पुलिस से उनका और उनके परिवार का विश्वास टूट गया है। अनुराग ने रिश्तेदारों संग एसपी से मिलकर अपनी पीड़ा सुनाई। अनुराग ने बताया कि एसपी ने जलद ही हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।