डीएम आशुतोष निरंजन ने कॉफी विद कलेक्टर कार्यक्रम में मंगलवार को विकासखंड वजीरगंज की ग्राम पंचायत लोढ़ियाघाटा के ग्राम प्रधान व टीम के साथ परिचर्चा की और ग्राम पंचायत के विकास, कानून व्यवस्था सहित अन्य मामलों पर आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में बीएलओ का कार्य देख रही आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री के कार्य न किए जाने पर डीएम ने डीपीओ को उसे बर्खास्त करने का आदेश दिया।
कैंप कार्यालय पर डीएम ने ग्राम प्रधान व टीम से कार्यक्रम की उपयोगिता व फीडबैक जानने के बाद विकास कार्यों पर परिचर्चा की। उन्होंने कहा कि वे सब टीम भावना के साथ काम करें और हर पात्र को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।
परिचर्चा में ज्ञात हुआ कि विकासखंड वजीरगंज में 62 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष मात्र पांच पंचायत सचिवों की ही तैनाती है। पंचायत सचिवों की तैनाती न होने के कारण विकास कार्य प्रभावित होने की बात सचिव द्वारा बताई गई।
डीएम ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ को निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के भीतर अतिरिक्त पंचायत सचिवों की तैनाती कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेें। ग्राम प्रधान व लेखपाल ने डीएम को बताया कि बीएलओ कार्य में लगाई गई आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री कभी आती नहीं है और न ही उसके द्वारा कोई कार्य किया जाता है।
इस पर डीएम ने डीपीओ मनोज कुमार राव को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री को नोटिस देकर चेतावनी दें और सुधार न हो तो सेवा समाप्ति की कार्यवाही करके अवगत कराएं। पंचायत सचिव व प्रधान द्वारा यह भी बताया गया कि ग्राम पंचायत में रोजगार सेवक की नियुक्ति नहीं हुई है।
इस पर डीएम ने डीसी मनरेगा को निर्देश दिए कि किसी दूसरी ग्राम पंचायत के रोजगार सेवक को उपरोक्त ग्राम पंचायत में संबद्ध कर दस दिन के भीतर रिपोर्ट दें। अवैध शराब के बारे में पूछने पर बीट सिपाही द्वारा बताया गया कि क्षेत्र में कई जगह कच्ची शराब बनाई जाती है, जिसके संबंध में कई मामले थाने पर दर्ज भी किए गए हैं।
डीएम ने इस संबंध में एसओ वजीरगंज को निर्देश दिए हैं कि लंबित प्रकरणों में चार्जशीट लगाकर न्यायालय पर शीघ्र भिजवाएं तथा संभावित स्थलों पर लगातार छापेमारी कर कार्यवाही करें। इस मौके पर प्रधान चंद्रावती सिंह, पंचायत सचिव रमाकांत सिंह, लेखपाल रामनिवास, बीट सिपाही गिरिजेश कुमार, सफाई कर्मी उपेंद्र कुमार तिवारी, किसान सहायक जयसिंह व प्रेरक प्रवीण कुमार उपस्थित रहे।