गोंडा। ग्राम चौपाल में आई शिकायत पर डीएम नेहा शर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिका परिषद करनैलगंज के वार्ड नंबर-11 मौर्य नगर में सीवरेज एवं जलनिकासी योजना के अंतर्गत हो रहे नाले के निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी मिली। शिकायत पर जांच कराकर डीएम ने ठेकेदार के कार्यादेश को निरस्त करने का आदेश दिया है।
नगर पालिका परिषद से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्य मास्टर इंटरप्राइजेज प्रो. मोहम्मद इबरार के पक्ष में एल-1 निविदा के तहत स्वीकृत किया गया था। आगणन के अनुसार नाले का निर्माण सीमेंट-कंक्रीट से कराना था, लेकिन ठेकेदार ने निर्माण कार्य ईंटों से शुरू करा दिया। अवर अभियंता ने कार्य को तत्काल रुकवा दिया था। सभासद अंकुर मौर्य ने ग्राम चौपाल में डीएम से मामले की शिकायत की थी। इस पर जांच कराई गई तो निर्माण कार्य में लापरवाही तथा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई। इसके चलते कार्यादेश निरस्त करते हुए अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही एल-टू निविदादाता ताजुद्दीन कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर को काम का जिम्मा सौंपते हुए कार्यादेश निर्गत कर दिया गया है।
शासकीय धन के नुकसान पर मुकदमा दर्ज
पहाड़ापुर में आयोजित ग्राम चौपाल में राजेंद्र कुमार शुक्ल ने शिकायत की थी कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में ग्राम पंचायत निधि से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। आरोप लगाया कि गांव के राजू पंडित ने जानबूझकर लगभग 20 मीटर इंटरलॉकिंग उखाड़कर वहां चट्टा बिछा दिया, जिससे शासकीय धन का नुकसान हुआ। डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर ग्राम विकास अधिकारी विवेकानंद ने राजू पंडित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।