मोतीगंज (गोंडा)। पुलिस ने छजवा गांव के रहने वाले 10 हजार के ईनामी गैंगेस्टर गुरुवार की देर रात पड़ेनिया गांव के पास से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए ईनामी के खिलाफ वाराणसी के कैंट थाने में गैंगेस्टर समेत कई मामले दर्ज हैं। थाना मोतीगंज के प्रभारी निरीक्षक कन्हई प्रसाद ने बताया कि गुरुवार की देर रात वह वरिष्ठ उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, आरक्षी चंदन यादव, आशुतोष शर्मा के साथ गश्त पर निकले थे।
वह रामनगर बाजार से पड़ेनिया गांव की ओर जा रहे थे, तभी पड़ेनिया गांव के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई पड़ा। जिसे रोका गया तो वह भागने लगा। मगर उसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम रामनंदन निवासी छजवा थाना मोतीगंज बताया। उसने बताया वाराणसी के कैंट थाने में उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वाराणसी पुलिस ने उसपर 10 हजार रूपए का ईनाम भी घोषित किया है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक उन्होंने वाराणसी पुलिस से संपर्क करके गैंगंस्टर रामनंदन के बारें में और जानकारी एकत्र की है।