नवाबगंज। कटरा रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर ट्रेन पर चढ़ते समय बिहार के सीतामढ़ी निवासी संजीव महतो (17) का पैर फिसल गया। ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच में फंसने से संजीव की मौके पर ही ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद पैसेंजर ट्रेन करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर ही खड़ी रही। बाद में ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
सीतामढ़ी के सत्यममच्छा गांव निवासी विजय महतो ने बताया कि मंगलवार सुबह अपने छोटे भाई संजीव व गांव के लक्षण, अंकित, जसवीर, संतोष, विश्वनाथ के साथ अयोध्या दर्शन के लिए आए थे। बुधवार को अयोध्या से मनकापुर पैसेंजर ट्रेन से लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे कटरा स्टेशन पर ट्रेन पहुंची।
संजीव पानी लेने के लिए ट्रेन से उतर गया। इसी दौरान ट्रेन ने रफ्तार बढ़ा दी। ऐसे में वह चलती ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास करने लगा। इसी बीच प्लेटफॉर्म पर पैर फिसल गया। भाई संजीव ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। मौके पर ही ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। रेलवे ट्रैक से क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। घटना के बाद भीड़ एकत्र हो गई। आरपीएफ उपनिरीक्षक राकेश राय ने बताया कि मौके पर छानबीन की गई।