जिले के सखी वन स्टाॅप सेंटर में रखी गई एक किशोरी सोमवार देर शाम छत से कूदकर कहीं चली गई और कर्मचारियों को भनक तक नहीं लग सकी। पुलिस व वन स्टॉप सेंटर के कर्मी एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। मंगलवार को नगर कोतवाली में सूचना दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि विगत आठ अगस्त को जीआरपी की मदद से संदिग्ध परिस्थितियों में मिली 16 वर्षीय किशोरी को चाइल्ड लाइन की ओर से सखी वन स्टाॅप सेंटर भेजा गया था। किशोरी को परिजनों के हवाले करने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच सोमवार देर शाम वह छत के रास्ते वन स्टाॅप सेंटर से कहीं चली गई। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में किशोरी छत का दरवाजा खोलकर खिड़की के छज्जे से होते हुए बाहर जाती दिखी है। हालांकि, सेंटर के कर्मचारियाें को मुस्तैदी से ड्यूटी करने की हिदायत के साथ ही 24 घंटे पुलिस की तैनाती रहती है। जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी ने बताया कि सीडब्ल्यूसी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।