नवाबगंज/विश्नोहरपुर (गोंडा)। दो स्थानों पर हुए सड़क हादसों में किशोर व युवक की जान चली गई। मौत की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के लौव्वाबीरपुर नई बस्ती निवासी विशाल (17) बुधवार को क्षेत्र के नगवा गांव के बाबा ज्ञानदास पुरवा स्थित अपने ननिहाल गया था। रात में करीब 11 बजे वहां से बाइक से वह घर वापस आ रहा था। कटी तिराहे पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया। उसके बाद परिजनों ने किशोर को कस्बे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि बुधवार के दिन ही विशाल का जन्मदिन था। बेटे की मौत से मां कुसुमा बदहवास हैं। मृतक के पिता सूरत में मजदूरी करते हैं। विशाल कस्बे में एक किराने की दुकान पर नौकरी करता था। उससे छोटी दो बहनें गुड़िया (15), प्रिया (12) और एक छोटा भाई सनी (09) है।
उधर, हरिवंशपुर गांव के रमई पुरवा निवासी श्याम लाल चौहान (35) बुधवार देर शाम मोफिया गांव से बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में उतरगंगा पुल के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन उसे स्थानीय सीएचसी ले गए, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी अनीता बेहोश हो गई। मृतक की तीन संतानों में दो बेटे कलदेव (14), कल्लू (12) व बेटी शिवानी (08) है। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।