फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मतपत्र फाड़ने पर बवाल, फायरिंग

Fri, 09 Oct 2015 11:41 PM IST
बलरामपुर/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रथम चरण के पंचायत चुनाव में शुक्रवार को गैसड़ी ब्लॉक के कई बूथों पर जमकर बवाल हुआ। जिला पंचायत क्षेत्र गौरा बगनहा के मतदान केंद्र इटई-इटवा के बूथ संख्या 117 व 118 पर दबंगों ने सैकड़ों मतपत्र फाड़ दिए और मना करने पर पीठासीन अधिकारी की पिटाई कर दी। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया।
विज्ञापन


 ग्रामीणों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजने के साथ-साथ हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। वहीं, गुलरिहा अहिरौली मतदान केंद्र के बूथ संख्या 109 पर भी दबंगों ने धावा बोलकर मतपत्र फाड़ डाला। घटना के बाद तीनों बूथों पर मतदान ठप हो गया। डीएम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मतदान केंद्र इटई-इटवा के पोलिंग एजेंट साधूशरण व सुशील कुमार ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे 6-7 लोग बूथ के अंदर घुस गए। उनके साथ पुलिस अधिकारी भी थे।

दबंगों ने बूथ संख्या 117 व 118 के पीठासीन अधिकारियों से मतपत्र छीनकर फाड़ना शुरू कर दिया। पीठासीन अधिकारी बूथ संख्या 117 बीआर सिद्दीक ने बताया कि उनके बूथ के करीब 300 मतपत्र दबंगों ने फाड़ दिए।
विज्ञापन


इसी तरह बूथ संख्या 118 के पीठासीन अधिकारी रामसुंदर ने बताया कि उनके बूथ से 26 मतपत्र फाड़े गए है। इसके अलावा बूथों से करीब दो गड्डी मतपत्र गायब भी कर दिए गए हैं।

लोगों के मुताबिक दबंगों ने मना करने पर पीठासीन अधिकारियों के साथ मारपीट भी की, हालांकि दोनों पीठासीन अधिकारियों ने मारपीट की घटना से इन्कार किया है। मतपत्र लूटने व फाड़ने से नाराज मतदाताओं तथा ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

मौके पर दल-बल के साथ पहुंचे गौरा थानाध्यक्ष नरेंद्र यादव व उनकी टीम पर आक्रोशित ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजनी पड़ीं। इससे मनीषा, तरन्नुम व सूरज समेत कई ग्रामीण घायल भी हो गए।

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग भी की। थानाध्यक्ष ने हवाई फायरिंग करने से इन्कार किया है।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ग्रामीणों को खदेड़ने में सफल हो सकी। इसी ब्लॉक के गुलरिहा अहिरौली मतदान केंद्र के बूथ संख्या 109 पर भी दबंगों ने हमला कर मतपत्र फाड़ दिया।

मतपत्र फाड़ने की घटना को लेकर जैतापुर चौराहे पर दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। इसमें सपा कार्यकर्ता रत्नेश यादव उर्फ सुज्जू तथा तरुण वर्मा घायल हो गए।

बवाल की सूचना मिलते ही डीएम प्रीति शुक्ला दल-बल के साथ गुलरिहा अहिरौली, कोल्हुई तथा इटई-इटवा बूथ पर पहुंचीं। डीएम ने बताया कि दोनों स्थानों पर मतपत्र लूटने व फाड़ने की घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन


जांच रिपोर्ट मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यदि जरूरी हुआ तो इन बूथों पर फिर से मतदान कराया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें