बिना हेलमेट पहने बाइक चलाता पुलिसकर्मी।
गोंडा। एक तरफ जहां यातायात पुलिस नवंबर माह को यातायात जागरूकता माह के रूप में मना रही है, वहीं दूसरी तरफ अभियान का असर खुद पुलिस वालों पर ही नहीं दिख रहा। सड़कों पर नियमों का पाठ पढ़ाने वाले कई पुलिस कर्मी बिना हेलमेट पहने व मोबाइल पर बात करते हुए वाहन दौड़ाते दिखे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब नियमों का पालन करने वाले ही लापरवाह हैं, तो आम जनता से क्या उम्मीद की जाए?। पेश है रिपोर्ट-
दृश्य एक-एलबीएस चौराहे पर बिना हेलमेट बाइक दौड़ा रहे सिपाही
शहर के एलबीएस चौराहे पर कई पुलिस कर्मी बिना हेलमेट बाइक दौड़ाते दिखे। ट्रैफिक सिपाही खुद बिना हेलमेट बाइक पर गश्त कर रहे थे। वहीं, सिंचाई विभाग के सामने भी पुलिसकर्मी बिना हेलमेट पहने बाइक चलाते नजर आए।
दृश्य-2 : मोबाइल पर बातचीत करते दिखे दरोगा
कोतवाली नगर क्षेत्र के गुरुनानक चौराहे पर बुधवार को एक दरोगा मोबाइल पर बात करते हुए बुलेट चलाते दिखे। यहीं नहीं उनके पीछे एक और जिम्मेदार पुलिस कर्मी बैठे नजर आए।
लोगों ने उठाए सवाल
- जिला बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री रितेश यादव ने कहा कि जागरूकता माह केवल जनता को दिखाने के लिए नहीं होना चाहिए। जब पुलिस खुद नियमों का पालन करेंगे तभी लोग प्रेरित होंगे। पुलिस दूसरों के साथ यातायात नियमों को लेकर अभद्रता करती है, लेकिन खुद में सुधार नहीं कर रहे हैं।
कड़ाई से यातायात नियमों का पालन करें पुलिसकर्मी
सभी पुलिसकर्मियों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी ने नियम तोड़ा है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जगदंबा गुप्ता, टीएसआई