माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों के साथ प्रदेश सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। सरकार की उपेक्षा के खिलाफ शिक्षकों के सब्र का बांध टूटने लगा है। शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।
नौ अगस्त को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर होने वाले धरना-प्रदर्शन में जिले से 100 शिक्षक जाएंगे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री अशोक कुमार पांडेय ने एमपीपी इंटर कॉलेज में जिला कार्यकारिणी की बैठक में शिक्षकों से अनुरोध किया कि नौ अगस्त को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर होने वाले धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रत्येक इकाई से कम से कम चार अध्यापक अवश्य पहुंचे।
माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद शुक्ल ने कहा कि संघ की सदस्यता बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जाए। इस अवसर पर संघ के पूर्व सदस्य घनश्याम दास वर्मा, सैय्यद मोहम्मद इकबाल, यदुनाथ पाठक, जीतन सिंह एवं गायत्री देवी के निधन पर सदस्यों ने श्रद्घांजलि अर्पित की।
बैठक में राकेश प्रताप सिंह, अनूप सिंह, अरविंद कुमार पाठक, नरसिंह यादव, राजेन्द्र कृष्ण, मधुकर सिंह सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।