गोंडा। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की ओर से घोषित 25 दिन के ग्रीष्मकालीन अवकाश के विरोध में शुक्रवार को एलबीएस महाविद्यालय में शिक्षक संघ ने प्राचार्य कक्ष के सामने प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर नारेबाजी की और विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले का विरोध जताया।
महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष(स्व वित्तपोषित) डॉ. मनोज मिश्र ने कहा कि यूजीसी विनियम के अनुसार 45 दिन का ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाना चाहिए, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने केवल 25 दिन का अवकाश घोषित किया है। साथ ही जून माह की भीषण गर्मी में विश्वविद्यालय परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा।
महाविद्यालय शिक्षक संघ अध्यक्ष (अनुदानित) पवन कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन तानाशाही रवैया अपना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों में 45 दिन का ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन नव स्थापित विश्वविद्यालय शासन के निर्देशों की अनदेखी कर रहा है। आदेश वापस लेने की मांग की गई। इस दौरान डॉ. अवधेश वर्मा, प्रो. बीपी सिंह, प्रो. अमन चंद्रा, प्रो. जितेंद्र सिंह, प्रो. मंशाराम वर्मा, प्रो. जयशंकर तिवारी, प्रो. अरविंद शर्मा, प्रो. राजीव अग्रवाल, डॉ. पुष्यमित्र मिश्र, डॉ. संतोष श्रीवास्तव, डॉ. मनीष मोदनवाल, डॉ. विवेक प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।