16448 शिक्षक भर्ती में काउंसलिंग करा चुके चयनित शिक्षकों ने नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर शनिवार को बीएसए कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। इन चयनित शिक्षकों का आरोप है कि सचिव के आदेश के बावजूद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जानबूझकर नियुक्ति पत्र जारी करने में देरी कर रहे हैं। नियुक्ति पत्र न मिलने से नाराज शिक्षकों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और नियुक्ति पत्र दिलाने की मांग की।
16448 शिक्षक भर्ती के तहत जिले में 600 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जानी है। इसके लिए जिले के अभ्यर्थियों ने 16 व 17 अगस्त को व गैर जनपद के अभ्यर्थियों ने 24 अगस्त को पंतनगर स्थित बीएसए कार्यालय पर काउंसलिंग कराई थी।
शुक्रवार को चयनित महिला अभ्यर्थियों से स्कूलों के विकल्प भी लिए गए थे। चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि बेसिक शिक्षा सचिव ने पूरे प्रदेश में 26 अगस्त को शिक्षक पद पर चयनित किए गए अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिए थे।
इसी निर्देशों के क्रम में अभ्यर्थी शनिवार को सुबह से ही बीएसए कार्यालय पहुंच गए थे। लेकिन दोपहर 12 बजे तक यहां न बीएसए पहुंचे और न ही चयन का काम देख रहे उनके स्टेनो दिनेश वर्मा ही कार्यालय आए। ऐसे में सही जानकारी न मिलने के अभाव में सैकड़ों अभ्यर्थी बीएसए कार्यालय के बाहर भटकते रहे। दोपहर बाद इन अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और इन लोगों ने बीएसए कार्यालय पर जमकर हंगामा किया।
इसके बाद सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और वहां पर प्रदर्शन किया और अधिकारियों की गैर मौजूदगी को लेकर नाराजगी जताई। इन चयनित अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर नियुक्ति पत्र दिलाने की मांग की है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि चयन प्रक्रिया के बीच में जन्माष्टमी की छुट़्टी पड़ जाने के कारण थोड़ी देरी हो गई है। जल्द ही इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा।