शिक्षक दिवस पर बीते दिन जिले के सभी स्कूलों में कार्यक्रमों की धूम रही। सभी स्कूलों में हर्षोल्लास के साथ पूर्व राष्ट्रपति का जन्म दिवस शिक्षक दिवस के रूप में मनाया गया।
उत्कृष्ट सेवा पर जिले के 50 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सभी कार्यक्रमों में शिक्षकों ने सर्व पल्ली राधा कृष्णनन के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
एमएलके महाविद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस के अवसर पर डॉ. सर्व पल्ली राधा कृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्राचार्य डॉ. नरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा केेे स्तर में सुधार लाकर शिक्षक समाज की बुराइयों को खत्म करने में अहम योगदान दे सकता है। गुरु की महिमा का बखान करते हुए महाविद्यालय के सभी शिक्षकों व शिक्षणेतर कर्मियों ने पूर्व राष्ट्रपति के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
एमपीपी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य कैप्टन जीपी तिवारी, डीएवी इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य हरिप्रकाश वर्मा, गर्ल्स इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य मुस्तकीम खां, भगवती आदर्श इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य आरके सिंह, माडर्न इंटर कालेज बलरामपुर की प्रधानाचार्य मंजू श्रीवास्तव, सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य केपी यादव, नेहरू शिक्षा सदन जमनियर हाई स्कूल में प्रधानाध्यापक घनश्याम, शारदा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक पराग बोस, कुबरेमती पांडेय मेमारियल इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. जेपी पांडेय और प्रबंध निदेशिका सुदीपा बोस व निदेशिका लिपिका चटर्जी आदि ने पूर्व राष्ट्रपति के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
स्कूलों में बच्चों ने गीत, भाषण, नृत्य व नाटक के माध्यम से पूर्व राष्ट्रपति के बारे में विस्तार से बताया। जिला पंचायत सभागार में शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद बलरामपुर की अध्यक्ष इशरत जमाल व बीएसए जय सिंह ने समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 50 शिक्षकों को सम्मानित किया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि गुरु की महिमा का बखान शब्दों में नहीं किया जा सकता है। गुरु शब्द ही जीवन में रोशनी भरता है। इस दौरान खंड शिक्षाधिकारी सहित जिले के सभी सम्मानित शिक्षक मौजूद रहे।